बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
आदिवासी छात्र संगठन ने पंडरीपानी स्कूल में किया स्पर्धा का आयोजन
जगदलपुर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पंडरीपानी में आदिवासी युवा छात्र संगठन जगदलपुर बस्तर द्वारा सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 99 बच्चों ने भाग लेकर अपने ज्ञान का शानदार प्रदर्शन किया।

विद्यालय की प्राचार्या ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को नई ऊर्जा देती हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करती हैं। ऐसी पहल बस्तर जिले के सभी विद्यालयों में की जानी चाहिए। संगठन के जिलाध्यक्ष ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमारे बच्चों को सही दिशा और भविष्य की राह दिखाने के लिए इस परीक्षा का आयोजन किया गया। संगठन का प्रयास है कि ग्रामीण और आदिवासी अंचल के बच्चे भी शिक्षा में प्रतिस्पर्धा कर उच्च शिखर तक पहुंच सकें। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्र- छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रश्नों का उत्तर दिया। विद्यालय परिवार और संगठन के पदाधिकारियों के सहयोग से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।









