गरियाबंद, 12 सितंबर 2025। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल उन्मूलन अभियान में बड़ी सफलता मिली है। मैनपुर थाना क्षेत्र के राजाडेरा-मटाल पहाड़ियों में हुए एनकाउंटर में 10 नक्सली मार गिराए गए। मारे गए नक्सलियों में 5.22 करोड़ रुपये के इनामी और सेंट्रल कमेटी सदस्य मोडेम बालाकृष्णा उर्फ मनोज, उड़ीसा राज्य कमेटी सदस्य प्रमोद उर्फ पंडरन्ना और विमल उर्फ जाडी वेंकट भी शामिल हैं।
संयुक्त बलों की बड़ी कार्रवाई
गरियाबंद पुलिस की ई-30 टीम, एसटीएफ, सीएएफ और कोबरा 207 बटालियन ने 10 सितंबर से इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया था। 11 सितंबर को नक्सलियों ने जवानों पर अचानक फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई मुठभेड़ में 6 पुरुष और 4 महिला नक्सली ढेर हो गए।
भारी हथियार बरामद
घटनास्थल से एके-47, इंसास, एसएलआर समेत 10 ऑटोमैटिक हथियार और बड़ी मात्रा में नक्सल सामग्री जब्त की गई है।
नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका
अधिकारियों का मानना है कि टॉप कमांडरों के मारे जाने से धमतरी–गरियाबंद–नुआपाड़ा डिवीजन में नक्सली गतिविधियों को करारा झटका लगा है और क्षेत्र में उनकी पकड़ कमजोर होगी।







