Home मुख्य ख़बरें देहरादून में बारिश का कहर: उफान पर तमसा नदी, टपकेश्वर महादेव मंदिर...

देहरादून में बारिश का कहर: उफान पर तमसा नदी, टपकेश्वर महादेव मंदिर जलमग्न

116
0

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भारी बारिश का कहर देखने को मिल रहा है। भारी बारिश की वजह से तमसा नदी उफान पर है। इसकी वजह से प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर जलमग्न हो गया है।

मंदिर के पुजारी आचार्य बिपिन जोशी ने बताया कि सुबह 5:00 बजे से ही नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ना शुरू हो गया था, जिससे पूरा मंदिर परिसर पानी में डूब गया। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति बहुत लंबे समय से नहीं आई थी। कई जगहों पर नुकसान हुआ है। लोगों को इस समय नदियों के पास जाने से बचना चाहिए। मंदिर का गर्भगृह सुरक्षित है। अभी तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के सहस्त्रधारा में देर रात हुई भारी बारिश (अतिवृष्टि) से हुए नुकसान पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि इस घटना में कुछ दुकानों को नुकसान पहुंचा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) और पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं और खुद स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने देहरादून के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। अधिकारियों ने बाढ़ और भूस्खलन के खतरे के कारण निवासियों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

बता दें कि उत्तराखंड के ज्यादातर जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज उत्तराखंड के देहरादून, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत व नैनीताल जिलों के अधिकांश हिस्से में और बाकी जनपदों के अनेक स्थानों में गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here