एशिया कप 2025 के सुपर-4 का चौथा मुकाबला भारत और बांग्लादेश की टीम के बीच में दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों ही टीमों ने सुपर-4 के अपने पहले मुकाबले में जीत हासिल की है, ऐसे में इस मैच को जीतने वाली टीम फाइनल के लिए अपनी जगह को लगभग पक्का कर लेगी। भारतीय टीम ने जहां सुपर-4 में अपने पहले मैच में पाकिस्तान को 6 विकेट से मात दी थी, तो वहीं बांग्लादेश की टीम ने श्रीलंका के खिलाफ हुए मुकाबले को 4 विकेट से जीता था। दुबई के मैदान पर होने वाले इस मुकाबले की पिच और मौसम को लेकर भी सभी की नजरें रहेंगी, जिसमें टॉस की भूमिका काफी अहम हो सकती है।
भारत और बांग्लादेश के बीच होने वाले एशिया कप 2025 के सुपर-4 मुकाबले में दुबई के मौसम को लेकर बात की जाए तो एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार जहां बारिश होने की कोई उम्मीद नहीं है। वहीं तापमान दिन के समय जहां 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है तो शाम के समय ये 34 डिग्री के करीब रह सकता है। ऐसे में प्लेयर्स को इस मुकाबले में भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा ह्यूमिडिटी 50 फीसदी तक रहने की उम्मीद जताई गई है।









