सोमन साहू/आरंग –
आरंग अंचल के ग्राम कोसरंगी में नवरात्रि पर्व की धूम है। गांव के शास्त्री चौक, गांधी चौक, देवरहा पार और बस स्टैंड स्थित दुर्गा मंदिर सहित कई स्थानों पर मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। जगह-जगह सजे पंडालों और माता रानी के दिव्य दरबार ने श्रद्धालुओं को भक्ति में सराबोर कर दिया है।
महामाया मंदिर में जोत-जवारा और कलश स्थापना कर भक्तजन माता की सेवा और साधना में लीन हैं। ग्राम के बंगाली कैंप में पंचमी तिथि पर विशेष रूप से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
शाम ढलते ही गांव की गलियां बिजली की झिलमिलाती रोशनी और सेऊक मंडली के जस गीतों से गूंज उठती हैं। भक्ति का यह प्रवाह मानो मां दुर्गा की महिमा का अद्भुत स्वरूप प्रस्तुत करता है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि नवरात्रि में मां दुर्गा की आराधना से सभी कष्ट दूर होते हैं और जीवन में सुख-समृद्धि का वास होता है। गांव का हर वर्ग माता की भक्ति में डूबा हुआ है और आस्था का यह उत्सव सभी को एकजुट करता नजर आ रहा है।









