Home कोरबा बाइक सवार बदमाश ने की फायरिंग, ग्रामीणों की बहादुरी से पकड़ा गया...

बाइक सवार बदमाश ने की फायरिंग, ग्रामीणों की बहादुरी से पकड़ा गया आरोपी, दो अन्य गिरफ्तार

22
0
कोरबा संवाददाता – रवि चौहान
कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात सनसनीखेज वारदात हुई। कसनियां गांव में एक व्यवसायी के मकान को निशाना बनाते हुए बाइक सवार बदमाश ने देशी कट्टे से दो राउंड फायरिंग की। पहली गोली दुकान के शटर में लगी, जबकि दूसरी गोली दरवाजे को भेद गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। फायरिंग करने के बाद आरोपी बाइक से भाग रहा था, लेकिन थोड़ी ही दूरी पर सड़क पर गिर पड़ा। उसने कपड़े बदलकर पहचान छिपाने की कोशिश की और बस से कटघोरा भागने लगा। इसी दौरान सतर्क ग्रामीणों ने उसे पहचान लिया और पीछा कर रास्ते में ही पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, कसनियां निवासी सिकंदर मेमन अपने परिवार के साथ घर में थे। रात करीब 9.45 बजे उन्हें गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब परिवार बाहर निकला तो बदमाश ने दूसरी बार फायरिंग कर दी। परिजन घबराकर तुरंत घर में छिप गए। करीब 11 बजे जब सिकंदर मेमन के पिता और बहन घर से बाहर निकले तो देखा कि एक गोली दुकान शटर में और दूसरी दरवाजे में लगी हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस सक्रिय हुई। ग्रामीणों की मदद से मुख्य शूटर दुर्गेश पांडे (प्रतापपुर, यूपी निवासी) को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर कोरबा शहर के हर्ष सिंह और आशीष जांगड़े को भी पुलिस ने दबोच लिया। वारदात में प्रयुक्त हथियार और वाहन भी बरामद कर लिए गए हैं। कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। घटना के मुख्य आरोपी की तलाश जारी है। मामले की जांच तेजी से की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here