रिकेश्वर राणा/दंतेवाड़ा । भाजपा पूरे प्रदेश में व्यापारी व आमजनों को जीएसटी का लाभ बताने के लिए जीएसटी तिहार मना रही है। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक प्रदेश के हर जिलों, मंडल व शक्तिकेन्द्रों में भाजपा जीएसटी को लेकर व्यापक अभियान चला रही है। विधायक चैतराम अटामी ने बचेली एवं गीदम में व्यापारिक संगठनों व आमजनों से भेंट कर उन्हें जीएसटी का लाभ बताया है। इस दौरान उन्होंने दैनिक जीवन की सामग्री खरीदी कर आम लोगों को जीएसटी के लाभ के बारे में बताया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश की आजादी के बाद मजबूत अर्थव्यवस्था के लिए यह महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है, जो सर्व स्वीकार्य है।

इसके साथ ही भाजपा पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि एवं पार्टी कार्यकर्ता लगातार जीएसटी रिफॉर्म को लेकर आमजनों व व्यापारिक संगठनों के बीच पहुंचकर इस ऐतिहासिक फैसले के बारे में बता रहे हैं।
अभियान को मिल रहा है अच्छा प्रतिसाद – संतोष गुप्ता
भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता ने कहा कि पूरे प्रदेश में जीएसटी रिफॉर्म अभियान को लेकर अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक अभियान को लेकर कार्यशाला संपन्न हो चुके हैं। आम जनमानस के बीच जीएसटी सुधार को लेकर उत्सव व उत्साह का वातावरण है। इस अभियान को समाज के अंतिम व्यक्ति तक ले जाना हम सबका लक्ष्य है।







