Home खेल 14 साल के वैभव सूर्यवंशी का ऑस्ट्रेलिया में धमाका, यूथ टेस्ट में...

14 साल के वैभव सूर्यवंशी का ऑस्ट्रेलिया में धमाका, यूथ टेस्ट में जड़ा ऐतिहासिक शतक

255
0

बाएं हाथ के स्टार ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर तबाही मचाई है. ऑस्ट्रेलिया दौरे पर यूथ टेस्ट सीरीज के पहले ही मैच की पहली पारी में इस बल्लेबाज ने ताबड़तोड़ अंदाज में शतक ठोका. सिर्फ 14 साल की उम्र में वैभव ने ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर रेड बॉल क्रिकेट में पहली और ऐतिहासिक सेंचुरी बनाई है. ये वो कमाल है, जिसे करने में बड़े-बड़े दिग्गज भी चूक जाते हैं, लेकिन वैभव एक अलग ही खिलाड़ी है. इतनी कम उम्र में उनकी बैटिंग शानदार है.

आईपीएल 2025 से पहचान बनाने वाले इस युवा खिलाड़ी ने ऑस्ट्रेलिया U-19 टीम के खिलाफ सिर्फ 78 गेंदों पर सेंचुरी जड़ दी. यह अपने आप में एक रिकॉर्ड है. उन्होंने टेस्ट में भी टी20 वाला अंदाज दिखाया और गेंदबाजों के होश उड़ा दिए, जो भी कंगारू बॉलर उनके सामने आया उसे मार पड़ी. वैभव सूर्यवंशी ने तेज गति से रन बनाए और हर गेंदबाज पर दबाव बनाए रखा.

पारी की शुरुआत से ही वैभव आत्मविश्वास साफ झलक रहा था. पहले उन्होंने धैर्य के साथ पारी को आगे बढ़ाया और फिर मौके मिलते ही चौकों-छक्कों की बरसात कर दी. खास बात यह रही कि इस दौरान उन्होंने सिर्फ 37 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के थे. फिर 78 बॉल पर शतक भी पूरा कर लिया. हालांकि शतक पूरा करने के बाद वो आउट हो गए. वैभव ने 83 बॉल पर 8 छक्के और 9 चौकों की मदद से 113 रन किए और हेडन शिलर नाम के बॉलर का शिकार बने.

वैभव सूर्यवंशी की यह सेंचुरी बेहद खास है. यह शतक आने वाले समय की झलक है. वैभव सूर्यवंशी के रूप में भारतीय क्रिकेट को एक ऐसा खिलाड़ी मिल गया है, जिसे लंबी रेस का प्लेयर माना जा रहा है. 14 साल की उम्र में विदेश की धरती पर शतक ठोकना कोई मामूली बात नहीं है. यह कारनामा उन्हें अगले स्तर पर ले जाने वाला है और अगर उनका यही फॉर्म जारी रहा तो क्रिकेट की दुनिया बहुत जल्द उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकते हुए देखेगी. आईपीएल 2025 में शतक, फिर इंग्लैंड दौरे पर यूथ वनडे में सेंचुरी और अब लाल गेंद में शतक जमाकर वैभव ने यह ऐलान किया है कि वो रुकने वाले नहीं हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here