मुंगेली संवाददाता – सुनील पाठक
मुंगेली। भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में सोमवार को महात्मा गांधी और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर दोनों महापुरुषों के योगदानों को याद करते हुए विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि महात्मा गांधी के त्याग, बलिदान और आदर्श आज भी पूरे विश्व के लिए प्रेरणा हैं। बापू के सत्य और अहिंसा के मार्ग का अनुशरण करना हम सबका कर्तव्य है।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का नारा “जय जवान, जय किसान” देश के प्रति उनकी दूरदर्शिता और किसानों-जवानों के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने विषम परिस्थितियों में देश का नेतृत्व कर जनता का दिल जीता था।
इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित निःशक्तजनों का शाल एवं श्रीफल देकर सम्मान भी किया गया।







