-51 फीट ऊंचा स्मारक बना रखा था नक्सलियों ने
अर्जुन झा/जगदलपुर। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने फिर एक नक्सली स्मारक को जमींदोज कर दिया है। यह स्मारक घने जंगलों के बीच बनाया गया था। बीजापुर के तर्रेम थाना क्षेत्र के ग्राम गोटुमपल्ली के जंगलों में नक्सलियों ने यह स्मारक बना रखा था।
डीआरजी, तर्रेम थाना पुलिस बल और सीआरपीएफ की 153वीं एवं 168वीं बटालियन की संयुक्त टीम ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत 29 अक्टूबर को थाना तर्रेम क्षेत्र के ग्राम गोटुमपल्ली के सघन जंगलों में नक्सलियों द्वारा निर्मित लगभग 15 फीट ऊंचा स्मारक मिला, जिसे सुरक्षा बलों द्वारा तत्काल ध्वस्त कर दिया गया। यह स्मारक नक्सलियों द्वारा अपने संगठन के मारे गए सदस्यों की याद में ग्रामीणों पर दबाव डालकर बनाया गया था, जिसका उपयोग वे ग्रामीणों में भय का वातावरण बनाए रखने एवं अपने संगठन के प्रचार के लिए करते थे। डीआरजी, पुलिस और सीआरपीएफ की टीम ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में अत्यंत सतर्कता एवं साहस के साथ इस अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।इस कार्रवाई से क्षेत्र में नक्सलियों के मनोबल पर गहरा प्रभाव पड़ा है तथा ग्रामीणों में सुरक्षा बलों के प्रति विश्वास एवं सुरक्षा की भावना और अधिक सुदृढ़ हुई है। पुलिस एवं सुरक्षा बलों द्वारा नक्सलियों के विरुद्ध ऐसे प्रभावी अभियान लगातार जारी हैं और आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई निर्बाध रूप से जारी रहेगी।









