-शहर के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए 6.98 करोड़ की गौरव पथ परियोजना को मंजूरी
-बड़े शहरों की तरह बनेगी हमारे नगर की पहचान: मंत्री केदार कश्यप
अर्जुन झा-
जगदलपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और बस्तर की माटी के लाल वन मंत्री केदार कश्यप की पहल पर बस्तर संभाग के गांव और शहर तेजी से विकास कर रहे हैं और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हो रहे हैं।नक्सल समस्या के विनाश के साथ ही संभाग में विकास की नई गाथा लिखी जा रही है। इसी कड़ी में नारायण के पुर यानि नगर और केदार के धाम नारायणपुर को भी सजाने संवारने की बड़ी पहल हुई है। इसके लिए राज्य शासन के करीब सात करोड़ रुपयों की मंजूरी दी है।

व्यक्ति जिस माटी में जन्म लेता है, वह माटी उस व्यक्ति के लिए चारों धाम के सामान होती है, क्योंकि उस धरती पर उसके माता पिता के भी चरण रज मिले होते हैं। छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन, जल संसाधन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप भी इसी नारायणपुर क्षेत्र की पावन माटी में पैदा हुए हैं और नारायणपुर क्षेत्र से ही विधायक चुने गए हैं।नारायणपुर उनके लिए तीर्थधाम के तुल्य है। अपनी माटी की सेवा करने में मंत्री केदार कश्यप हर संभव प्रयास कर रहे हैं। इसी क्रम में नारायणपुर नगर के विकास और सौंदर्यीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए शासन ने 6 करोड़ 98 लाख रुपए स्वीकृत किए हैं। इस राशि से पंकज वैरायटी चौक से पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक आधुनिक सड़क गौरव पथ का निर्माण होगा की। यह गौरव पथ परियोजना मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव तथा छत्तीसगढ़ शासन में केबिनेट मंत्री एवं नारायणपुर के विधायक केदार कश्यप के प्रयासों से संभव हो पाई है।
इस बड़ी सौगात पर वन मंत्री केदार कश्यप बोले- विकास और सुंदरता की दिशा में यह ऐतिहासिक कदम है। मंत्री केदार कश्यप ने कहा- यह गौरव पथ नारायणपुर नगर की नई पहचान बनेगा। यह केवल सड़क नहीं, बल्कि शहर के विकास, यातायात व्यवस्था और सौंदर्यीकरण का प्रतीक होगा। हमारी सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है और यह परियोजना उसी
जनकल्याणकारी सोच का प्रत्यक्ष उदाहरण है। श्री कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार का उद्देश्य है कि बस्तर अंचल के हर नगर को मूलभूत सुविधाओं से सशक्त किया जाए, ताकि स्थानीय जनता को बेहतर जीवन स्तर मिल सके।
बनेगा आकर्षण का केंद्र
नारायणपुर नगर के प्रमुख मार्ग पंकज वैरायटी चौक से लेकर एसपी कार्यालय तक बनने वाले इस गौरव पथ में आधुनिक सड़क, डिवाइडर, दोनों ओर बड़ी नालियां, पाथवे और आधुनिक स्ट्रीट लाइटिंग सिस्टम जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।
यह मार्ग शहर के व्यावसायिक, प्रशासनिक और आवासीय इलाकों को जोड़ते हुए मुख्य लाइफ लाइन रोड के रूप में विकसित होगा। पूरा इलाका दैदीप्यमान हो उठेगा। नगर पालिका परिषद के अनुसार गौरव पथ निर्माण के बाद यातायात सुगम होगा, जल निकासी की समस्या दूर होगी और शहर का स्वरूप निखरकर उभरेगा।
नपा परिषद ने जताया आभार
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, उपाध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा और पार्षदों ने इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक केदार कश्यप के प्रति आभार व्यक्त किया है।उन्होंने कहा कि यह निर्णय नारायणपुर नगर के लोगों के लिए गर्व और खुशी का विषय है।
व्यापारियों ने किया स्वागत
नारायणपुर के नागरिकों और व्यापारियों ने कहा कि यह गौरव पथ नगर की पहचान बनेगा और सुविधाओं को नई दिशा देगा। शहर में साफ-सुथरा, रौशन और आधुनिक वातावरण बनेगा।
युवा वर्ग ने भी इसे नए विकासशील नारायणपुर की शुरुआत बताते हुए मंत्री केदार कश्यप के नेतृत्व की सराहना की है।









