रायपुर संवाददाता – रघुराज

रायपुर– छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर राजधानी रायपुर का आसमान देशभक्ति और रोमांच का केंद्र बनने जा रहा है। बुधवार, 5 नवंबर को भारतीय वायु सेना की प्रसिद्ध सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम (Suryakiran Aerobatic Team – SKAT) अपने हैरतअंगेज हवाई करतबों से पूरे प्रदेश को गर्व से भर देगी। टीम ने मंगलवार सुबह नवा रायपुर के सेंध तालाब क्षेत्र में भव्य एयर शो की रिहर्सल की, जिसने लोगों में उत्साह और जिज्ञासा दोनों बढ़ा दी है।
भारतीय वायु सेना के स्पेशल फाइटर जेट्स रायपुर पहुंच चुके हैं। इस एयर शो के दौरान 9 हॉक एमके-132 फाइटर जेट्स एक साथ उड़ान भरते हुए “बॉम्ब बर्स्ट”, “हार्ट इन द स्काई” और “एरोहेड” जैसी रोमांचक फॉर्मेशन तैयार करेंगे। इन करतबों के दौरान आकाश में ऐसा दृश्य बनेगा जो दर्शकों के लिए अविस्मरणीय होगा।
इस टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी करेंगे। उनके साथ स्क्वॉड्रन लीडर गौरव पटेल भी उड़ान भरेंगे, जो मूल रूप से छत्तीसगढ़ के निवासी हैं। गौरव ने कहा कि अपने गृह राज्य में प्रदर्शन करना उनके लिए गौरव और भावनात्मक जुड़ाव का क्षण है।
फ्लाइट लेफ्टिनेंट कंवल संधू इस शो के दौरान दर्शकों से संवाद साधेंगी और उड़ते विमानों की हर जानकारी प्रभावशाली कमेंट्री के ज़रिए साझा करेंगी। राज्योत्सव के इस विशेष आयोजन में हजारों लोग शामिल होने की तैयारी में हैं। सुरक्षा और ट्रैफिक के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं।
यह एयर शो छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के गौरव, एकता और देशप्रेम की भावना को नई ऊंचाई देगा।









