रघुराज/रायपुर –
राजधानी रायपुर से आज सुबह बागेश्वर धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की भव्य पद यात्रा का शुभारंभ हर्ष और उल्लास के साथ हुआ। लगभग 500 श्रद्धालुओं का यह विशाल दल बुधवार सुबह 7 बजे रवाना हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ शहर के प्रमुख समाजसेवी और आयोजक श्री बसंत चंदन अग्रवाल ने भगवा ध्वज दिखाकर और हनुमान जी की आरती के साथ किया।
इस अवसर पर पूरे वातावरण में “जय श्री राम” और “बगेश्वर धाम सरकार की जय” के जयघोष गूंज उठे। श्रद्धालु भगवा परिधान और ध्वज के साथ उत्साहपूर्वक उपस्थित थे। आरती संपन्न होने के बाद सभी यात्रियों को नाश्ता कराया गया, तत्पश्चात नगर में लगभग एक किलोमीटर की प्रतीकात्मक पद यात्रा निकाली गई।
बसंत चंदन अग्रवाल ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि बागेश्वर धाम की यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि हमारे आस्था और संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से समाज में भक्ति, एकता और सकारात्मकता का संदेश फैलता है।
पद यात्रियों को रवाना करने से पहले विशेष पूजा-अर्चना की गई। आयोजकों ने बताया कि दिल्ली होते हुए बागेश्वर धाम तक इस यात्रा के सभी प्रतिभागियों के लिए आने-जाने, भोजन एवं आवास की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। इससे यह सुनिश्चित किया गया कि कोई भी श्रद्धालु किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करे।
बसों को फूलों से सजाया गया था और भगवा झंडों से पूरा परिसर धार्मिक माहौल में रंग गया। जैसे ही बसंत चंदन अग्रवाल ने भगवा ध्वज दिखाकर यात्रियों को रवाना किया, उपस्थित लोगों ने जयकारों के साथ यात्रियों को शुभयात्रा दी। बैंड-बाजे की धुनों के बीच यात्रियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
इस अवसर पर कई स्थानीय गणमान्य नागरिक, धर्मप्रेमी संगठनों के प्रतिनिधि और समाजसेवी भी मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में कई स्वयंसेवकों और महिला मंडलों ने मिलकर सेवा दी। भोजन वितरण से लेकर परिवहन व्यवस्था तक, हर चीज़ सुव्यवस्थित रूप से पूरी की गई।
जानकारी के अनुसार, यात्रा दल दिल्ली के विभिन्न स्थानों पर रुकते हुए सीधे मध्यप्रदेश स्थित बागेश्वर धाम पहुंचेगा, जहाँ बाबा धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दर्शन और प्रवचन का लाभ सभी श्रद्धालु लेंगे। वापसी यात्रा भी पूरी तरह संगठित रूप से की जाएगी।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी से शांति, सद्भाव और राष्ट्रहित की भावना को बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी यात्राएं समाज को जोड़ती हैं और यह श्रद्धा के साथ-साथ सेवा का भी परिचायक है।
रायपुर से निकले इस 500 सदस्यीय पद यात्रा दल का नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और मंगलमय यात्रा की मंगलकामनाएं दीं।









