रतनपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रतनपुर द्वारा श्रद्धा और सम्मान के साथ जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रतनपुर के अध्यक्ष सुभाष अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यालय में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री के प्रसिद्ध नारे “जय जवान, जय किसान” के आदर्शों को याद किया।
कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी के प्रिय भजन “रघुपति राघव राजा राम” का भी स्मरण किया। भजन में निहित “ईश्वर अल्लाह तेरो नाम, सबको सन्मति दे भगवान” का संदेश धार्मिक एकता, सर्वधर्म समभाव और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करने वाला बताया गया।
इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधीजी के स्वच्छता के संदेश को याद करते हुए स्वच्छता एवं जनकल्याण के प्रति संकल्प भी लिया। वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के विचार आज भी समाज और देश को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण हैं।
कार्यक्रम में रतनपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष अग्रवाल, कांग्रेस समन्वयक शीतल जायसवाल, विधायक प्रतिनिधि रियाज खोखर, पार्षद सुनील अग्रवाल, पार्षद संतोष सोनी, पार्षद पुष्पकांत कश्यप, पार्षद रामफल श्रीवास, ब्लॉक कांग्रेस सचिव विमल सोनी, सुधीर दुबे, NSUI से अविनाश श्रीवास, प्रियांशु श्रीवास, आशीष केवट सहित यूथ कांग्रेस एवं NSUI के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







