जांजगीर-चांपा संवाददाता – राजेंद्र जयसवाल
जिला जांजगीर-चांपा चांपा नगर में व्याप्त मूलभूत समस्याओं को लेकर नगर पालिका परिषद के नेता प्रतिपक्ष हरीश पाण्डेय के नेतृत्व में पार्षदगण, कांग्रेस पदाधिकारी एवं नगरवासी बड़ी संख्या में नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। उन्होंने नगर की जनता की परेशानियों को लेकर मुख्य नगरपालिका अधिकारी को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्यवाही नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

नेता प्रतिपक्ष हरीश पाण्डेय ने बताया कि नगर की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है। कई बार आवेदन और मौखिक आग्रहों के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है। इस कारण नगरवासियों में गहरा असंतोष व्याप्त है।
ज्ञापन में नगर की प्रमुख समस्याओं का उल्लेख किया गया, जिनमें प्रमुख रूप से —
1. नगर की अधिकांश स्ट्रीट लाइटें बंद हैं, जिससे रात के समय अंधकार और असुरक्षा की स्थिति बनी रहती है।
2. रामबांधा तालाब की सफाई नहीं हो रही, जिससे गंदगी और बदबू का माहौल है।
3. हनुमान धारा से लेकर गेमन पुल तक हसदेव नदी की सफाई तत्काल की जाए।
4. नए नल कनेक्शन शीघ्र प्रारंभ किए जाएं ताकि नागरिकों को पेयजल की सुविधा मिल सके।
5. नगर की साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए, जो वर्तमान में अत्यंत अव्यवस्थित है।
6. सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण एवं पुराने शौचालयों का रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।
7. नालियों और सड़कों की मरम्मत व निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएं।
8. एसटीपी सीवरेज पाइप लाइन से निकलने वाला दूषित पानी हसदेव नदी में जा रहा है, इसे तुरंत रोका जाए।
9. संपत्ति कर में की गई वृद्धि वापस ली जाए, और पूर्व दरों को ही लागू रखा जाए।
10. नगर पालिका कार्यालय में कर्मचारियों की उपस्थिति कार्यालयीन समय में सुनिश्चित की जाए।
11. स्वामी विवेकानंद उद्यान का सौंदर्यीकरण व रखरखाव किया जाए।

इस अवसर पर पार्षद पुरुषोत्तम देवांगन (वार्ड क्र. 8), श्रीमती अंजली देवांगन (वार्ड क्र. 1), पवन साहू (वार्ड क्र. 11), पवन कुमार आर्य (वार्ड क्र. 23), दुर्गा प्रसाद कुर्रे (वार्ड क्र. 16), चांपा कांग्रेस अध्यक्ष भाई सुनील साधवानी, एवं जिला कांग्रेस प्रवक्ता नागेंद्र गुप्ता सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
नेता प्रतिपक्ष हरीश पाण्डेय ने कहा —
“जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन का प्राथमिक दायित्व है। हमने पहले भी कई बार ध्यानाकर्षण कराया, लेकिन यदि अब भी ठोस कार्यवाही नहीं होती है, तो नगर की जनता के साथ मिलकर हम आंदोलन करेंगे और जनहित में सड़कों पर उतरने से पीछे नहीं हटेंगे।”
ज्ञापन सौंपे जाने के बाद नागरिकों ने भी नगर पालिका प्रशासन से शीघ्र कार्यवाही की मांग की। लोगों का कहना है कि नगर की मूलभूत सुविधाओं की उपेक्षा लंबे समय से हो रही है और प्रशासनिक लापरवाही से जीवन स्तर प्रभावित हो रहा है।
चांपा नगर के नागरिकों की उम्मीद अब इस ज्ञापन के माध्यम से उठे मुद्दों पर ठोस कदम उठाए जाने से है।









