Home चर्चा में खेल को करियर बनाने दिखाएं अपनी श्रेष्ठतम प्रतिभा: जिपं अध्यक्ष वेदवती कश्यप

खेल को करियर बनाने दिखाएं अपनी श्रेष्ठतम प्रतिभा: जिपं अध्यक्ष वेदवती कश्यप

7
0

बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा

= बकावंड में बस्तर ओलंपिक का रंगारंग कार्यक्रम के साथ समापन =
बकावंड। पढ़ाई के साथ अपनी रुचि के अनुसार खेल विधा में करियर बनाने के लिए पूरी मेहनत एवं लगन के साथ श्रेष्ठतम प्रतिभा का प्रदर्शन करें। यह बात वेदवती कश्यप ने बस्तर जिले के विकासखंड मुख्यालय बकावंड में बस्तर ओलंपिक के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय विकासखंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता के समापन करते हुए कही।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में बकावंड विकासखंड की ग्राम पंचायतों व नगर पंचायत क्षेत्र से गठित 9जोन के लगभग 3000 खिलाड़ी उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर पूरे जोश के साथ दमखम दिखा रहे थे। इस अवसर पर वेदवती कश्यप ने कहा कि बस्तर अंचल के युवाओं विशेष तौर पर अंदरूनी ईलाके के ग्रामीणों एवं युवाओं को उनके रचनात्मक कार्यों सहित खेल प्रतिभाओं को उचित अवसर प्रदान कर उन्हें निखारने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार द्वारा गत वर्ष बस्तर ओलंपिक की शुरुआत की गई। जिसमें करीब एक लाख 65 हजार खिलाड़ियों ने सहभागिता निभाई। इस साल बस्तर ओलंपिक में शामिल होने वाले प्रतिभागियों की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है और तीन लाख से ज्यादा खिलाड़ियों ने अपना पंजीयन कराया है। यह युवाओं के हौसला को प्रदर्शित करता है और बस्तर में बदलाव को रेखांकित करता है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिता सामाजिक समरसता और अनेकता में एकता को बढ़ावा देने के साथ ही खिलाड़ियों को अपनी अलग पहचान स्थापित करने का अवसर देती है। इसे मद्देनजर रखते हुए अलग-अलग क्षेत्र के प्रतिभागी खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उपलब्धि हासिल करें। जिला पंचायत में खेल एवं युवा कल्याण समिति के सभापति बनवासी मौर्य ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिभा प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर अवगत कराया गया कि ब्लॉक स्तरीय बस्तर ओलंपिक में 11 प्रकार की सामूहिक व एकल खेल स्पर्धाएं शामिल हैं, जिनमें सीनियर व जूनियर वर्ग के महिला-पुरुष खिलाड़ियों ने शिरकत की। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों सहित सीईओ जनपद पंचायत परेश्वर कुर्रे, बकावंड एसडीएम मनीष वर्मा, बीईओ चंद्रशेखर यादव, बीआरसी सोनसिंह भारती और विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, शिक्षिकाएं तथा गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी खिलाड़ी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here