Home मुख्य ख़बरें दिल्ली – लाल किले के पास धमाका, 8 लोगों की मौत, कई...

दिल्ली – लाल किले के पास धमाका, 8 लोगों की मौत, कई घायल

541
0
संवाददाता – रघुराज
दिल्ली के लाल किले के पास बड़ा धमाका हुआ जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हुए हैं। यह धमाका शाम लगभग 6 बजकर 55 मिनट पर लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास खड़ी एक कार में हुआ। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास की कई गाड़ियां भी आग की चपेट में आ गईं और आसपास अफरातफरी मच गई।
धमाके के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग को काबू में करने के प्रयास किए गए। घायल लोगों को नजदीकी एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। धमाके की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन शुरुआती जांच में यह पता लगाने की कोशिश जारी है कि धमाका सीएनजी से हुआ या इसमें कोई विस्फोटक पदार्थ इस्तेमाल किया गया था।
इस धमाके के बाद दिल्ली समेत कई राज्यों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) और बम निरोधक दस्ते की टीम भी मौके पर भेजी गई है और इलाके को पूरी तरह से सील कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। धमाके से आसपास दुकानों के शीशे टूट गए हैं और मंदिर सहित अन्य संपत्तियों को भी नुकसान हुआ है।
यह धमाका राजधानी दिल्ली के सुरक्षा जोन में आने वाले इलाके में हुआ है, इसलिए इससे संबंधित जांच सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
इस घटना ने दिल्ली सहित आसपास के इलाकों में भय और सतर्कता बढ़ा दी है, वहीं प्रशासन हालात पर तेजी से काबू पाने के लिए जद्दोजहद कर रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here