बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
मेयर पाण्डेय ने बिहार के नागरिकों को दी बधाई
जगदलपुर। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली ऐतिहासिक और प्रचंड जीत पर जगदलपुर महापौर संजय पाण्डेय ने हृदय से बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने कहा है कि बिहार की जनता ने विकास, सुशासन, विश्वास और स्थिरता के पक्ष में एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए एनडीए पर अपार विश्वास जताया है। यह विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, नीतियों, विकास दृष्टि और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की भावना में जनता की आस्था का प्रमाण है।
महापौर संजय पाण्डेय ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिला यह प्रचंड बहुमत जन-जन की आकांक्षाओं, विश्वास एवं सक्रिय जनभागीदारी की जीत है। बिहार की जनता ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जहां-जहां एनडीए की सरकारें बनी हैं, वहां निरंतर विकास, सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण को गति मिली है। वहीं जहां दूसरे दलों की सरकारें बनीं, वहां विकास बाधित हुआ है। बिहार की जनता ने भ्रष्टाचार, अराजकता, तुष्टिकरण और परिवारवाद की राजनीति को सिरे से खारिज करते हुए विकास के मार्ग को चुना है।उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने युवाओं को रोजगार के अवसर, महिलाओं को सम्मान एवं न्याय, किसानों की आय वृद्धि, गरीबों के उत्थान तथा बुनियादी ढांचे के सशक्तिकरण को लेकर जो प्रतिबद्धता दिखाई है, उसी का परिणाम है कि जनता ने भारी बहुमत से समर्थन दिया है। बिहार की जनता भलीभांति समझ चुकी है कि विकास का मार्ग केवल डबल इंजन की सरकार ही प्रशस्त कर सकती है। महापौर संजय पाण्डेय ने बिहार के सभी विजयी प्रत्याशियों, एनडीए गठबंधन दलों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा बिहार की देवतुल्य जनता को साधुवाद प्रेषित किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह विजय बिहार को नई दिशा देगी, विकास को नई गति देगी और आने वाले वर्षों में बिहार प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगा।
महापौर संजय पाण्डेय ने कहा है- मैं बिहार की जनता को हृदय से धन्यवाद देता हूं। यह जीत बिहार के उज्जवल भविष्य, स्थिरता और सुशासन का मार्ग प्रशस्त करेगी। एनडीए की यह ऐतिहासिक विजय पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है।









