कोरबा संवाददाता – कृष्णा दास
कोरबा न्यूज 36गढ़ :– तीन महाविद्यालयों बांकीमोंगरा, कोरबा और दीपका के संयुक्त तत्वावधान में “नशा मुक्त समाज के लिए युवा” विषय पर शिविर का आयोजन।
अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर से संबद्ध शासकीय नवीन महाविद्यालय बांकीमोंगरा, शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय कोरबा एवं शासकीय महाविद्यालय दीपका की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में आज ग्राम अरदा में सात दिवसीय विशेष शिविर का भव्य शुभारंभ हुआ। 18 नवंबर से 24 नवंबर 2025 तक चलने वाले इस शिविर का मुख्य विषय “नशा मुक्त समाज के लिए युवा” रखा गया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि स्नेह सिंह सरपंच ग्राम पंचायत अरदा, श्रवण सिंह तंवर जनपद सदस्य अरदा मंडल अध्यक्ष जवाली, विशिष्ट अतिथि आशीष सिंह उप सरपंच ग्राम पंचायत अरदा, गुलाब दास मंडल कोषाध्यक्ष जवाली, मोहनदास विधायक प्रतिनिधि, घुरवा दास महंत सांसद प्रतिनिधि, अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात रासेयो स्वयंसेवकों द्वारा लक्ष्य गीत और स्वागत गान की प्रस्तुति दी गई।

युवाओं को दी नशा मुक्ति की प्रेरणा
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्रवण सिंह तंवर ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने शिविर के विषय “नशा मुक्त समाज के लिए युवा” की सराहना करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगानी चाहिए। एक नशा मुक्त समाज ही सशक्त भारत की नींव रख सकता है। उन्होंने स्वयंसेवकों को अनुशासित रहकर ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि आशीष सिंह उपसरपंच और गुलाब दास मंडल कोषाध्यक्ष ने अपने उद्बोधन में कहा कि गांव में एनएसएस शिविर लगने से ग्रामीणों और युवाओं के बीच सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा। उन्होंने पंचायत की ओर से शिविर को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
तीनों महाविद्यालयों का अनूठा संगम
इस सात दिवसीय शिविर में तीन अलग-अलग महाविद्यालयों के स्वयंसेवक एक साथ मिलकर श्रमदान और बौद्धिक चर्चा करेंगे। शिविर के दौरान परियोजना कार्य, स्वच्छता अभियान, नशा मुक्ति रैली और ग्राम सर्वेक्षण जैसे कार्य किए जाएंगे।
अधिकारियों ने समझाई शिविर की रूपरेखा
कार्यक्रम के दौरान तीनों महाविद्यालयों के कार्यक्रम अधिकारियों ने संयुक्त रूप से शिविर की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। वर्षा सिंह तंवर शा. मिनीमाता कन्या महा. कोरबा, रघुराज सिंह तंवर शा. नवीन महा. बांकीमोंगरा, और सुमन ठाकुर शा. महा. दीपका ने अतिथियों और ग्रामीणों को बताया कि आगामी सात दिनों तक स्वयंसेवक किस प्रकार ‘प्रोजेक्ट वर्क’ के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश घर-घर पहुंचाएंगे। उन्होंने शिविर के दौरान होने वाले बौद्धिक सत्रों, स्वच्छता अभियानों और सर्वे कार्यों की जानकारी भी साझा की।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपसरपंच आशीष सिंह, मंडल कोषाध्यक्ष गुलाब दास, एसएमडीसी सदस्य बनवारी प्रजापति, रामायण सिंह, विधायक प्रतिनिधि राधेश्याम पटेल व मोहन दास, सांसद प्रतिनिधि घुरवादास महंत सहित ग्राम पंचायत के सदस्य सहित राष्ट्रीय सेवा योजना के सहायक अधिकारी डॉ दुर्गेश तिवारी, हेमलता इत्यादि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन अशोक कुमार श्रीवास अंग्रेजी विभाग महाविद्यालय बांकी मोगरा, और आभार प्रकट सुमन ठाकुर अंग्रेजी विभाग नवीन शासकीय महाविद्यालय दीपका ने किया।







