पुकार बाफना बीजापुर
बीजापुर, 18 नवंबर 2025।
भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर बीजापुर जिले में बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप के नेतृत्व में यूनिटी मार्च का भव्य आयोजन किया गया। यह मार्च जिले में राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से किया गया।
यूनिटी मार्च का शुभारंभ बीजापुर के आराध्य देव चिकट राज के परिसर से किया गया। इसके बाद दुर्गा मंदिर में अल्प विराम लेते हुए यह मार्च एजुकेशन सिटी स्थित नवोदय विद्यालय परिसर में पहुँचा, जहाँ सांसद श्री महेश कश्यप सहित जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित नागरिकों ने स्वच्छता अभियान चलाकर कार्यक्रम का समापन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री महेश कश्यप ने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण और अखंड भारत की अवधारणा में उनके अद्वितीय योगदान पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के दृढ़ संकल्प, संगठन कौशल और राष्ट्रीय एकता के प्रति उनके समर्पण से नई पीढ़ी को सीख लेनी चाहिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा, पूर्व मंत्री श्री महेश गागड़ा, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती गीता सोम पुजारी, जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक तथा स्कूली विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने सरदार पटेल की राष्ट्रवादी सोच और एकता के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।







