बीजापुर जिला ब्यूरो पुकार बाफना
बीजापुर, 20 नवंबर 2025।
राज्य में चल रही धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू एवं पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री संबित मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र यादव ने बुधवार 19 नवंबर को तिमेड़ धान जाँच नाका का औचक निरीक्षण किया। यह महत्वपूर्ण नाका तेलंगाना और महाराष्ट्र की सीमा पर स्थित है, जहाँ से अवैध धान परिवहन की आशंका बनी रहती है।
छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य अन्य राज्यों की तुलना में अधिक होने के कारण सीमावर्ती क्षेत्रों से अवैध धान के आवक की संभावना बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने नाका में तैनात निगरानी दल को सातों दिन, 24 घंटे सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी मालवाहक वाहनों की सघन जाँच सुनिश्चित करने, दस्तावेजों की बारिकी से जांच-पड़ताल करने तथा संदेहास्पद गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नाका की व्यवस्थाओं, जांच रजिस्टरों, सीसीटीवी निगरानी एवं सुरक्षा प्रबंधन का भी जायजा लिया।
कलेक्टर एवं एसपी द्वारा किए गए इस औचक निरीक्षण से धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं अवैध परिवहन पर नियंत्रण को लेकर प्रशासन की गंभीरता स्पष्ट होती है।









