किशनगंज-
बिहार के किशनगंज और अररिया जिलों में शुक्रवार सुबह अचानक भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिसके बाद लोगों में दहशत फैल गई। भूकंप का केंद्र बांग्लादेश की राजधानी ढाका से करीब 42 किलोमीटर दूर नर्सिंगदी इलाके में दर्ज किया गया।
अचानक आए इन झटकों ने लोगों को कुछ पल के लिए असमंजस में डाल दिया। घरों की दीवारें, दरवाजे और पंखे तेजी से हिलने लगे तो लोग घबराकर घरों से बाहर निकल गए। कई लोग बिना किसी देर के खुले मैदान या सड़कों पर पहुंच गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शुरू में समझ नहीं आया कि क्या हो रहा है, लेकिन तेज कंपन महसूस होने पर सभी को अंदाज़ा हो गया कि भूकंप आया है।
रिक्टर स्केल पर 5.6 तीव्रता, कुछ सेकेंड तक हिला धरती
जियो-सेस्मिक विभाग के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.6 मापी गई। कंपन कुछ ही सेकेंड तक रहा, लेकिन इसका असर लोगों के चेहरे पर काफी देर तक दिखाई देता रहा।
दूसरे झटके का डर, पर राहत की खबर
झटकों के बाद बड़ी संख्या में लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर खुले स्थानों पर खड़े रहे। लेकिन काफी देर तक दूसरा झटका महसूस न होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
प्रशासन ने बताया कि:
अब तक किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है
टीमें सतर्क हैं और लगातार स्थिति पर नजर रख रही हैं
लोगों से अफवाहों से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है









