Home मुख्य ख़बरें दिल्ली में हाई-टेक हथियार तस्करी का भंडाफोड़: ड्रोन से आई विदेशी गन...

दिल्ली में हाई-टेक हथियार तस्करी का भंडाफोड़: ड्रोन से आई विदेशी गन सप्लाई करने वाले 4 तस्कर गिरफ़्तार

155
0

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजधानी में सक्रिय अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई में चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से चीन और तुर्की में निर्मित अत्याधुनिक हथियारों का बड़ा जखीरा मिला है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये हथियार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारत की सीमा में भेजे गए थे।

पुलिस का कहना है कि हथियारों की यह खेप पंजाब के रास्ते देश में दाखिल की गई थी और इसे कुख्यात अपराधी लॉरेंस बिश्नोई गैंग, बमबीहा गिरोह, गोगी गैंग और हिमांशु भाऊ गैंग तक पहुंचाया जाना था। बरामद हथियारों में आधुनिक तकनीक से लैस पिस्टल और अन्य हाई-टेक फ़ायरआर्म्स शामिल हैं।

इनपुट मिलने के बाद क्राइम ब्रांच ने रोहिणी इलाके में एक विशेष ऑपरेशन चलाया। गुप्त जानकारी के आधार पर लगाए गए ट्रैप में तस्करों को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। मौके से बड़ी मात्रा में विदेशी हथियार बरामद किए गए हैं और पुलिस अब पूरे सप्लाई चैन की कड़ियों को खंगालने में जुटी है।

गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश और पंजाब के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस का मानना है कि यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था और दिल्ली-एनसीआर व उत्तर भारत में गैंगस्टरों को हथियार सप्लाई कर रहा था। इस ऑपरेशन के बाद तस्करी रैकेट का एक बड़ा मॉड्यूल ध्वस्त हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here