योगेंद्र राठौर/बिलासपुर –
सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम चोर भट्टी खुर्द में बुधवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। पंचायत के पूर्व सरपंच मनबोध यादव की अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए, जबकि गांव में दहशत का माहौल है।
पूरी रात घर नहीं लौटे, सुबह खून से लथपथ शव मिला
जानकारी के अनुसार मनबोध यादव रात करीब 8 बजे स्कूटी से घूमने निकले थे। देर रात तक घर न लौटने पर परिजन परेशान हो गए।
सुबह खोजबीन के दौरान उनका शव गांव के पास स्थित मुर्गा फार्म हाउस के पास खून से सना मिला। यह वही स्थान बताया जाता है जहां लोग शराब पीने के लिए अक्सर जुटते हैं।
करीब जाकर देखने पर पता चला कि हमलावरों ने उनके सिर पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। शुरुआती आशंका है कि आरोपी सुनसान जगह पाकर पहले से घात लगाए बैठे थे।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर लिया।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
पुलिस हर एंगल—पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद या किसी अन्य दुश्मनी—को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।









