मथुरा में कोहरे के चलते यमुना एक्सप्रेस पर सात बसें और दो कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर के बाद 5 बसों और दो कारों में आग लग गई। हादसे में 4 लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। मथुरा के जिला अधिकारी सीपी सिंह ने चार लोगों के मरने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि हादसे में 25 लोग घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है। आग लगने से बसें पूरी तरह जल गई। डीएम ने बताया कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने हमें और एसएसपी को घायलों को हर संभव मदद करने का आदेश दिया है। वहीं, एक चश्मदीद ने बताया कि 20 एंबुलेंस से करीब150 लोगों को अस्पताल भेजा गया है।
ये हादसा मंगलवार सुबह 4:00 बजे थाना बलदेव थाना क्षेत्र में माल स्टोन 127 पर हुआ है। डीएम और एसपी सहित अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ के लोग आग बुझाने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में लगे हुए हैं।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि कई गाड़ियां आपस में टकराईं तो ऐसा लगा जैसे गोली चली हो। तेज धमाके हुए। पूरा गांव आनन-फानन में यहां पहुंच गया। सभी लोगों ने तत्काल मदद की। एंबुलेंस के कर्मचारी अमित कुमार ने बताया कि कितने लोग हताहत हुए हैं, इसकी गिनती अभी नहीं की जा सकती।









