रायपुर-
छत्तीसगढ़ में ठंड और कोहरे का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले 3–4 दिनों के भीतर प्रदेश के तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के साथ-साथ सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभागों में शीतलहर चलने की आशंका जताई गई है, जिससे ठंड और तीखी महसूस होगी।
गुरुवार सुबह राजधानी रायपुर समेत रायगढ़, अंबिकापुर, सरगुजा, मैनपाट और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। तापमान की बात करें तो दिन में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रात का सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 6.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में कोई सक्रिय मौसमी प्रणाली (सिनोप्टिक सिस्टम) प्रभावी नहीं है, जिसके चलते मौसम शुष्क बना हुआ है। हालांकि उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।
आज रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में दिनभर हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
प्रशासन की तैयारी
शीतलहर की आशंका को देखते हुए रायपुर की मेयर मीनल चौबे और नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप ने सभी जोन कमिश्नरों और जोन स्वास्थ्य अधिकारियों को रात के समय फील्ड में मौजूद रहकर अलाव व्यवस्था की नियमित निगरानी के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य ठंड से प्रभावित लोगों को समय पर राहत पहुंचाना है।
रायपुर नगर निगम ने आमजन की सुविधा के लिए शहर के 12 अलग-अलग स्थानों पर अलाव की व्यवस्था शुरू कर दी है। इससे बेघर लोगों, राहगीरों और जरूरतमंदों को कड़ाके की ठंड से राहत मिलने की उम्मीद है।









