Home चर्चा में संघर्ष से सशक्त जीवन की ओर: प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने बदली...

संघर्ष से सशक्त जीवन की ओर: प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने बदली मनोज साहू के परिवार की तस्वीर

2
0

जांजगीर-चांपा संवाददाता – राजेंद्र जयसवाल

आवास के साथ मनरेगा की मजदूरी उज्ज्वला से गैस कनेक्शन, स्वच्छ भारत मिशन से शौचालय निर्माण का मिला लाभ

जांजगीर-चांपा 17 दिसम्बर 2025/ जिले के जनपद पंचायत पामगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत मेऊ के निवासी श्री मनोज साहू, पिता श्री पटवारी लाल साहू, एक साधारण किसान परिवार से आते हैं। आज वे प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से मिले पक्के आवास के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं, लेकिन यहां तक पहुंचने का सफर संघर्षों से भरा रहा है। अनिश्चित आय, कृषि एवं मजदूरी पर निर्भर जीवन और सीमित संसाधनों के बीच उनका परिवार हर मौसम में कठिनाइयों से जूझता रहा। बरसात में टपकती छत, गर्मी में झुलसता घर और ठंड में ठिठुरता परिवार ये परिस्थितियां रोज़मर्रा की चुनौती बन चुकी थीं। कई बार हालात निराशाजनक लगे, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी।


सरकार की योजनाओं पर विश्वास और निरंतर प्रयासों का परिणाम यह रहा कि श्री मनोज साहू को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत 1,20,000 (एक लाख बीस हजार रुपये मात्र) की सहायता राशि स्वीकृत हुई। उनका आवास जल्द ही बनकर तैयार हो गया। यह मकान केवल ईंट-पत्थर का ढांचा नहीं, बल्कि वर्षों के संघर्ष, पीड़ा और असुरक्षा पर लगा मरहम था। इसके साथ ही मनरेगा के अंतर्गत 21,800 (इक्कीस हजार आठ सौ रुपये मात्र) की मजदूरी से उन्हें रोजगार मिला, जिससे परिवार की दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिली। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत शौचालय निर्माण से परिवार को स्वच्छता और सम्मान मिला, वहीं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन मिलने से धुएं से भरी रसोई से मुक्ति मिली। आज श्री मनोज साहू का घर आत्मविश्वास, सम्मान और सुरक्षित भविष्य का प्रतीक है। उनकी यह कहानी इस बात का प्रमाण है कि यदि हौसला मजबूत हो और सही मार्गदर्शन व सरकारी योजनाओं का लाभ मिले, तो संघर्ष भी सफलता की सीढ़ी बन सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here