Home मुख्य ख़बरें रायगढ़ में हाथी शावक की दर्दनाक मौत, तीन महीनों में पांचवीं घटना...

रायगढ़ में हाथी शावक की दर्दनाक मौत, तीन महीनों में पांचवीं घटना से वन विभाग अलर्ट

179
0

रायगढ़-

जिले के रायगढ़ वन परिक्षेत्र अंतर्गत बंगुरसिया सर्किल में एक हाथी शावक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा बड़झरिया तालाब में उस वक्त हुआ, जब देर रात हाथियों का एक बड़ा दल पानी में नहाने पहुंचा था। नहाने के दौरान शावक गहरे पानी में चला गया और बाहर नहीं निकल सका, जिससे उसकी जान चली गई।
बताया जा रहा है कि बीते कुछ दिनों से इलाके में करीब 32 हाथियों का दल लगातार विचरण कर रहा है। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के गांवों में पहले से ही सतर्कता बढ़ा दी गई थी। घटना की जानकारी रात में हाथियों की तेज चिंघाड़ सुनकर वन अमले को मिली।

मौके की स्थिति को देखते हुए रात में वनकर्मी तालाब तक नहीं पहुंच सके, क्योंकि हाथियों का पूरा दल वहां मौजूद था। सुबह जब स्थिति सामान्य हुई, तब वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शावक को मृत अवस्था में पाया गया।
इसके बाद हाथी शावक के शव को इंद्रा विहार ले जाया गया, जहां नियमानुसार अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान एसडीओ, रेंजर सहित वन विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि जिले में बीते तीन महीनों के भीतर हाथियों की मौत की यह पांचवीं घटना है, जिससे वन विभाग की चिंता बढ़ गई है।

पीएम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
एसडीओ फॉरेस्ट मनमोहन मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10 से 11 बजे के बीच तालाब के पास हाथियों की तेज आवाजें सुनाई दीं। मौके पर मौजूद स्टाफ ने देखा कि बड़े हाथी शावक को पैरों से उठाने की कोशिश कर रहे थे। आशंका है कि उसी दौरान शावक की मौत हो गई थी। हालांकि, हाथियों की संख्या अधिक होने के कारण तत्काल जांच संभव नहीं हो सकी। प्रारंभिक तौर पर शावक की मौत डूबने से मानी जा रही है, लेकिन वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here