जांजगीर-चांपा संवाददाता – राजेंद्र जयसवाल
जिला जांजगीर-चांपा ।
आम जनता को विधिक सहायता एवं कानूनी जानकारी उपलब्ध कराने के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए जांजगीर-चांपा जिले के अधिकार मित्र लक्ष्मी प्रसाद जायसवाल को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर के माननीय मुख्य न्यायाधीश श्री रमेश सिन्हा द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें वर्ष 2023, 2024 एवं 2025 में आयोजित नेशनल लोक अदालत में किए गए सराहनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
लोक अदालत न्याय का ऐसा सशक्त मंच है, जहाँ आपसी राजीनामा योग्य मामलों का त्वरित, सरल एवं सुलभ निराकरण किया जाता है। लक्ष्मी प्रसाद जायसवाल पिछले तीन वर्षों से लोक अदालत की प्रक्रिया को जन-जन तक पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस अवधि में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जांजगीर-चांपा के माध्यम से 5000 से अधिक लोगों को निःशुल्क कानूनी सलाह एवं सहायता प्रदान की गई। वहीं नेशनल लोक अदालत में 3000 से अधिक गरीब एवं जरूरतमंद पक्षकारों को कानूनी परामर्श देकर उनके मामलों के निराकरण में सहयोग किया गया।









