रायपुर संवाददाता – रघुराज
रायपुर। पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री राजेश मूणत जी के नेतृत्व और पहल पर रायपुर स्थित आयुर्वेदिक चिकित्सा महाविद्यालय में 18 दिसंबर से प्रारंभ हुआ मेगा हेल्थ कैंप 2025 रविवार को संपन्न हुआ। पाँच दिवसीय इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में नागरिकों ने अभूतपूर्व उत्साह के साथ हिस्सा लिया। अब तक लगभग 27 हजार से अधिक मरीजों की जांच और उपचार किया गया, जिसमें आयुष और आधुनिक चिकित्सा दोनों पद्धतियों के विशेषज्ञ शामिल रहे।

स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त आँकड़ों के अनुसार, हर दो में से एक मरीज को ब्लड प्रेशर या शुगर की समस्या मिली। वहीं आंखों की जांच कराने पहुंचे हजारों मरीजों में दृष्टि संबंधी परेशानियाँ, मोतियाबिंद एवं एलर्जी जैसी समस्याएँ आम रहीं। डॉक्टरों ने इस प्रवृत्ति को जीवनशैली और खानपान में हो रहे बदलावों से जुड़ा बताया।
मेगा कैंप में दंत परीक्षण, बाल रोग, स्त्री रोग, हड्डी और हृदय जांच, शारीरिक विकलांग नागरिकों हेतु मुफ्त कृत्रिम पैर और हाथ (artificial limbs) जैसी सेवाएँ भी उपलब्ध कराई गईं। विशेषज्ञ डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ ने पाँचों दिन लगातार मरीजों को निःशुल्क परामर्श और दवाइयाँ दीं।

कार्यक्रम की व्यवस्था और जनसुविधाओं के लिए नगर निगम जोन क्रमांक 1 के अध्यक्ष श्री गज्जू साहू जी ने अपनी टीम के साथ सतत रूप से कैंप स्थल पर निगरानी रखी। उन्होंने पार्किंग व्यवस्था से लेकर भोजनालय, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और स्वच्छता तक का बारीकी से ध्यान रखा। श्री साहू ने बताया कि “हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि हेल्थ कैंप में आने वाले हर मरीज को सम्मानजनक वातावरण में सेवा मिले और किसी को कोई असुविधा न हो।”
कैंप में नागरिकों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासनिक अमले ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग और कॉलेज प्रबंधन के संयुक्त प्रयासों से प्रतिदिन हजारों मरीजों को सुगम पंजीकरण, जांच और परामर्श की सुविधा दी गई। डॉक्टरों ने यह भी कहा कि ऐसे शिविरों से न केवल लोगों की बीमारियाँ समय पर पहचानी जाती हैं बल्कि स्वास्थ्य-जागरूकता भी बढ़ती है।

समापन अवसर पर विधायक श्री राजेश मूणत ने कहा — “इस मेगा हेल्थ कैंप का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाना था। हम मानते हैं कि स्वस्थ नागरिक ही समृद्ध समाज की नींव हैं।” उन्होंने सभी डॉक्टरों, स्वयंसेवकों और आयोजन टीम को धन्यवाद देते हुए आगे भी ऐसे शिविर आयोजित करने की घोषणा की।
आयुर्वेदिक कॉलेज प्रबंधन ने बताया कि पाँच दिनों में राज्यभर से विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएँ दीं और अगले वर्ष और अधिक व्यापक स्तर पर इस अभियान को आगे बढ़ाने की योजना है।
मेगा हेल्थ कैंप 2025 ने न केवल हजारों मरीजों को राहत पहुँचाई बल्कि जनता में यह विश्वास भी जगाया कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सरकार, जनप्रतिनिधि और प्रशासन एकजुट होकर कार्य कर रहे हैं।









