Home चर्चा में पोस्ट ऑफिस धोखाधड़ी का बड़ा खुलासा, एजेंट गिरफ्तार 200 खाताधारकों से...

पोस्ट ऑफिस धोखाधड़ी का बड़ा खुलासा, एजेंट गिरफ्तार 200 खाताधारकों से एक करोड़ से अधिक की ठगी, साइबर सेल व चांपा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

8
0

जांजगीर-चांपा संवाददाता – राजेंद्र जयसवाल

जिले में पोस्ट ऑफिस से जुड़े एक बड़े धोखाधड़ी मामले का चांपा पुलिस ने खुलासा किया है। साइबर सेल और थाना चांपा की संयुक्त कार्रवाई में पोस्ट ऑफिस के एक एजेंट को गिरफ्तार किया गया है, जिसने करीब 200 खाताधारकों से एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि की धोखाधड़ी की।
पुलिस के अनुसार आरोपी एजेंट दीपक कुमार देवांगन (35 वर्ष), पिता फिरत राम देवांगन, निवासी अमरैयापारा भोजपुर, चांपा, खाताधारकों से मासिक किस्त के रूप में जमा की गई रकम को खातों में जमा नहीं करता था। इसके बजाय वह खातों में फर्जी एंट्री कर जाली हस्ताक्षर एवं पोस्ट ऑफिस की नकली सील का उपयोग कर धोखाधड़ी को अंजाम देता रहा।
प्रार्थी की शिकायत से खुला मामला
इस मामले की शुरुआत 16 दिसंबर 2025 को हुई, जब चरण नगर चांपा निवासी राजकुमार देवांगन ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 से पोस्ट ऑफिस चांपा में उनके दो खाते थे, जिनकी मासिक किस्त ₹1500 एजेंट दीपक कुमार देवांगन के माध्यम से जमा की जाती थी। अब तक कुल ₹66,000 जमा कराए गए, लेकिन खाते में मात्र ₹6,900 ही जमा हुए, शेष ₹59,100 की राशि जमा न कर फर्जी एंट्री की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने इसी तरह विगत पांच वर्षों में लगभग 200 खाताधारकों से उनकी मासिक किस्त लेकर खातों में राशि जमा नहीं की और करीब एक करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं एसडीओपी चांपा श्री यदुमणी सिदार के निर्देश पर थाना चांपा व साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
नकली सील व दस्तावेज बरामद
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए धोखाधड़ी से प्राप्त रकम को ऑनलाइन बेटिंग एप के माध्यम से हारने की बात कबूल की। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, दो फर्जी सिम, चार बैंक खाते, लगभग 150 पोस्ट ऑफिस खाते, एजेंट का लाइसेंस तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
आगे भी होगी कार्रवाई
पुलिस द्वारा खाताधारकों एवं पोस्ट ऑफिस के अधिकारी-कर्मचारियों से विस्तृत पूछताछ कर जांच की जा रही है। प्रकरण में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। साथ ही साइबर सेल द्वारा ऑनलाइन बेटिंग से जुड़े तकनीकी साक्ष्य एकत्रित कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
इनका रहा विशेष योगदान
इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता (थाना प्रभारी चांपा), निरीक्षक सागर पाठक (प्रभारी साइबर सेल), उप निरीक्षक बेल सज्जर लकड़ा, सहायक उप निरीक्षक विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक विवेक सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here