Home मुख्य ख़बरें कर्नाटक में दर्दनाक सड़क हादसा: स्लीपर बस में लगी आग, 15 यात्रियों...

कर्नाटक में दर्दनाक सड़क हादसा: स्लीपर बस में लगी आग, 15 यात्रियों की मौत

109
0

चित्रदुर्ग। कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में एक भीषण सड़क हादसे में स्लीपर बस में आग लग गई, जिससे 15 यात्रियों की मौत हो गई। यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर हिरियूर तालुक के पास देर रात हुई। हादसा उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने नियंत्रण खोते हुए डिवाइडर पार किया और सामने से आ रही बस से टकरा गया।

मिली जानकारी के अनुसार, बस बेंगलुरु से गोकर्ण (कुछ रिपोर्ट्स में शिवमोग्गा) की ओर जा रही थी, जबकि ट्रक हिरियूर से बेंगलुरु की तरफ आ रहा था। टक्कर के तुरंत बाद बस में आग लग गई और कुछ ही देर में पूरी बस इसकी चपेट में आ गई।

सो रहे थे यात्री, नहीं मिला बचने का मौका

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा तड़के करीब 2 से 2:30 बजे के बीच हुआ। उस समय अधिकतर यात्री गहरी नींद में थे, जिस कारण कई लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। हालांकि बस चालक, कंडक्टर और कुछ यात्री किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

बस में थे 29 यात्री

बताया जा रहा है कि बस की कुल 32 सीटों में से 29 पर यात्री सवार थे, जिनमें 15 महिलाएं और 14 पुरुष शामिल थे। हादसे में कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

इस दुर्घटना में ट्रक चालक की भी मौत हो गई है। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिसे बाद में पुलिस ने नियंत्रित किया।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। हिरियूर ग्रामीण थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here