जगदलपुर। ओडिशा के कंधमाल जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। चाकापाड़ क्षेत्र में चल रहे संयुक्त ऑपरेशन के दौरान कुल छह नक्सली मारे गए हैं, जिनमें दो महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। मारे गए नक्सलियों में सेंट्रल कमेटी (CC) का सदस्य गणेश उईके और एरिया कमेटी मेंबर (ACM) बारी उर्फ राकेश भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, कंधमाल जिले के दुर्गम इलाकों में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान बीती रात नक्सलियों और जवानों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो नक्सली मारे गए। इनमें सुकमा निवासी एरिया कमेटी मेंबर और बीजापुर क्षेत्र से जुड़े अमृत दलम सदस्य बारी उर्फ राकेश शामिल था। दोनों पर कुल 23 लाख 65 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मौके से हथियार भी बरामद किए गए।
सुबह फिर हुई मुठभेड़
आज सुबह अभियान के दौरान एक और मुठभेड़ हुई, जिसमें दो महिला और दो पुरुष नक्सलियों को मार गिराया गया। इनमें सेंट्रल कमेटी का वरिष्ठ सदस्य गणेश उईके भी शामिल है। बताया जा रहा है कि गणेश उईके की सात राज्यों में तलाश थी। वह तेलंगाना के नलगोंडा जिले का रहने वाला था और साउथ सब जोनल का प्रभारी माना जाता था।


बड़े स्तर पर चला ऑपरेशन
इस ऑपरेशन में ओडिशा पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की करीब 20 टीमें और सीआरपीएफ की तीन टीमें शामिल रहीं। पूरे अभियान की निगरानी ओडिशा पुलिस के डीआईजी (ऑपरेशन) आईपीएस अखिलेश्वर सिंह और कंधमाल के पुलिस अधीक्षक कर रहे थे।
सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल से दो इंसास राइफल और एक .303 राइफल समेत अन्य सामग्री भी बरामद की है। इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी जारी है और सुरक्षा बल सतर्कता बनाए हुए हैं।









