Home मुख्य ख़बरें नए साल से पहले मौसम ने बदला मिजाज, पहाड़ी इलाकों में पाला...

नए साल से पहले मौसम ने बदला मिजाज, पहाड़ी इलाकों में पाला तो मैदानी क्षेत्रों में ठंडी हवाएं

39
0

रायपुर-

नए साल से पहले छत्तीसगढ़ के उत्तर और मध्य हिस्सों में ठंड ने अपना तीखा रूप दिखाना शुरू कर दिया है। कई जिलों में शीतलहर का प्रभाव देखा जा रहा है। बलरामपुर-रामानुजगंज में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे लोग जबरदस्त ठंड का सामना कर रहे हैं।

सरगुजा संभाग के पर्यटन स्थल मैनपाट में लगातार पाला पड़ रहा है। अंबिकापुर और आसपास के इलाकों में भी तापमान जमाव बिंदु के करीब पहुंचने से ओस की बूंदें जम गईं और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फ जैसी सफेद परत नजर आई। अंबिकापुर में 3.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान माना जा रहा है।

राजधानी रायपुर में भी ठंड का असर साफ दिखा। माना क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि शहर के अन्य इलाकों में यह 9 से 11 डिग्री के बीच रहा। दिन में भी ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बनी रही।

अन्य जिलों की बात करें तो सूरजपुर में 3.9 डिग्री, कोरिया में 5.6 डिग्री, मुंगेली में 6.8 डिग्री, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 6 डिग्री, कोरबा में 8.7 डिग्री, राजनांदगांव में 8.5 डिग्री, दुर्ग में 8.2 डिग्री, बस्तर में 9 डिग्री और बालोद में 10.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। हालांकि, अगले चार दिनों में तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।

रायपुर का आज का मौसम

राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह हल्का कोहरा छाए रहने के आसार हैं। अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here