Home अंतर्राष्ट्रीय स्विट्जरलैंड के क्रांस-मोंटाना में न्यू ईयर पार्टी बनी मातम, बार में धमाके...

स्विट्जरलैंड के क्रांस-मोंटाना में न्यू ईयर पार्टी बनी मातम, बार में धमाके से मची अफरा-तफरी, कई लोगों की मौत की आशंका

51
0

स्विट्जरलैंड में नए साल का जश्न उस वक्त मातम में बदल गया, जब मशहूर टूरिस्ट शहर क्रांस-मोंटाना (Crans-Montana) में एक बार में जोरदार धमाका हो गया। यह हादसा न्यू ईयर ईव सेलिब्रेशन के दौरान हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

वालेस कैंटन पुलिस के मुताबिक, क्रांस-मोंटाना स्थित ‘ले कॉन्स्टेलेशन’ (Le Constellation) नाम के बार में देर रात करीब 1:30 बजे एक या एक से अधिक धमाके हुए। धमाके के तुरंत बाद बार में भीषण आग लग गई। उस समय बार में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

स्विस पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस हादसे में कई लोगों के घायल होने और कुछ लोगों की मौत की सूचना है, हालांकि अब तक मृतकों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की गई है। सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए कई एंबुलेंस तैनात की गईं, जबकि गंभीर रूप से घायलों को एयर-ग्लेशियर्स हेलीकॉप्टर के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस प्रवक्ता गेटन लाथियन ने बताया कि विस्फोट के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस ने आतंकी एंगल से भी इनकार नहीं किया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीमें मौके से सबूत जुटा रही हैं और बार में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है।
सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिनमें बार में आग लगी हुई दिखाई दे रही है, हालांकि पुलिस ने इन वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

टूरिस्ट हॉटस्पॉट है क्रांस-मोंटाना
क्रांस-मोंटाना स्विट्जरलैंड के आल्प्स पर्वतीय क्षेत्र में स्थित एक प्रसिद्ध लक्जरी स्की रिसॉर्ट है। यह स्विस राजधानी बर्न से लगभग दो घंटे की दूरी पर है और सर्दियों के मौसम व नए साल के दौरान यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।
फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here