नवा रायपुर।
एनटीपीसी के पश्चिमी क्षेत्र-II के क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (Regional Executive Director – WR-II) के रूप में श्री नीरज जलोटा ने पदभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने 06 जनवरी 2026 को एनटीपीसी नवा रायपुर में औपचारिक रूप से कार्यभार संभाला।
पदभार ग्रहण करने के साथ ही श्री जलोटा एनटीपीसी नवा रायपुर स्थित यूनिफाइड शेयर्ड सर्विस सेंटर (USSC) के कार्यकारी निदेशक का दायित्व भी संभाल रहे हैं। इससे पूर्व वे इसी केंद्र में यूनिफाइड कॉन्ट्रैक्ट और परचेज फंक्शंस का नेतृत्व कर रहे थे।

पंजाब विश्वविद्यालय से बीई (मैकेनिकल इंजीनियरिंग) की डिग्री प्राप्त श्री नीरज जलोटा ने वर्ष 1988 में एनटीपीसी में एक्जीक्यूटिव ट्रेनी के रूप में करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने आईआईटी दिल्ली से इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग में एम.टेक तथा एमडीआई गुरुग्राम से बिजनेस डेवलपमेंट में पीजी डिप्लोमा भी किया है।
करीब 37 वर्षों के लंबे करियर में श्री जलोटा को ऑपरेशन, मैकेनिकल मेंटेनेंस एवं इरेक्शन, बिजनेस डेवलपमेंट, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेशन, कोयला खनन और प्रोजेक्ट कंस्ट्रक्शन जैसे अहम क्षेत्रों में व्यापक अनुभव प्राप्त है। उन्होंने एनटीपीसी बदरपुर, एनटीपीसी-जीई जेवी नोएडा, एनटीपीसी चट्टी बरियातू कोल माइनिंग और एनटीपीसी पकरी बरवाडीह कोल माइनिंग में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।
अपने उल्लेखनीय करियर के दौरान उन्होंने झारखंड में एनटीपीसी केरंडारी कोल माइनिंग, ओडिशा में एनटीपीसी दुलंगा कोल माइनिंग तथा झारखंड में ही एनटीपीसी पकरी बरवाडीह कोल माइनिंग का नेतृत्व किया। इसके अलावा वे मध्यप्रदेश में एनटीपीसी के संयुक्त उपक्रम झाबुआ के सीईओ के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।
एनटीपीसी प्रबंधन को विश्वास है कि श्री नीरज जलोटा के व्यापक अनुभव, कुशल मार्गदर्शन और प्रभावी नेतृत्व में पश्चिमी क्षेत्र-II आने वाले समय में नई ऊंचाइयों को छुएगा।









