आरंग संवाददाता – सोमन साहू
आरंग- अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की मूर्ति स्थापना की प्रथम वर्षगांठ के उपलक्ष्य में ग्राम लखौली में भव्य धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में रामभक्तों द्वारा गांव की गलियों में प्रभात फेरी निकाली जा रही है, जो 20 दिसंबर से प्रारंभ होकर 22 जनवरी तक निरंतर जारी रहेगी।प्रातः 4 बजे प्रारंभ होने वाली इस प्रभात फेरी में रामभक्त जय श्रीराम के गगनभेदी जयकारे लगाते हुए गांव की प्रमुख गलियों से होकर गुजर रहे हैं। आयोजन में युवाओं, बुजुर्गों एवं महिलाओं की सक्रिय सहभागिता देखने को मिल रही है, जिससे पूरे गांव का वातावरण भक्तिमय हो उठा है।प्रभात फेरी के दौरान रामधुन, भजन-कीर्तन एवं शंखनाद के साथ श्रद्धालु प्रभु श्रीराम के प्रति अपनी आस्था व्यक्त कर रहे हैं। आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं धार्मिक मर्यादाओं के अनुरूप संचालित किया जा रहा है।
इस अवसर पर प्रभात फेरी का नेतृत्व कर रहे रामभक्त दिलीप साहू ने इस अवसर पर कहा,रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा केवल एक धार्मिक घटना नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना का पुनर्जागरण है। प्रभात फेरी के माध्यम से हम नई पीढ़ी को प्रभु श्रीराम के आदर्शों सत्य, मर्यादा और सेवा से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। 22 जनवरी तक चलने वाला यह आयोजन गांव में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करेगा।उन्होंने सभी ग्रामवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील भी की।नरेंद्र सेन के अनुसार 22 जनवरी को प्रभात फेरी के समापन अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना, सामूहिक आरती एवं प्रसाद वितरण का कार्यक्रम प्रस्तावित है।गौरतलब है कि प्रभात फेरी से गांव में धार्मिक सौहार्द, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना को नई दिशा मिल रही है।जिसकी जानकारी दिलीप कुमार साहू ने दी







