संवाददाता – रघुराज
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ की राजनीति में बड़ा झटका उस समय लगा जब कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू को गिरफ्तार कर लिया। जैजैपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक बालेश्वर साहू पर 42 लाख रुपये की धोखाधड़ी और गबन का गंभीर आरोप है। मामला उस समय का है जब वे जिला सहकारी समिति में प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार, विधायक पर किसानों के नाम पर केसीसी (KCC) लोन जारी कर रुपये हड़पने का आरोप है। यह मामला 3 अक्टूबर 2025 को चांपा थाने में दर्ज हुआ था। शिकायतकर्ता रामकुमार शर्मा के अनुसार, साहू ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए किसानों के खाते से 42 लाख रुपये की रकम गबन की। मामले में उनके एक सहयोगी की भी संलिप्तता बताई जा रही है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान मिले दस्तावेजों और बैंक लेनदेन के सबूतों ने आरोपों को पुष्ट किया। इसके बाद कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया और शुक्रवार को पुलिस ने विधायक को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
वहीं, कांग्रेस पार्टी ने इस मामले पर बयान जारी कर कहा है कि “कानून सबके लिए समान है” और जांच पूरी होने के बाद पार्टी आगे की कार्रवाई करेगी। इस घटना ने जिले की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। आम जनता से लेकर राजनीतिक गलियारों तक इस गिरफ्तारी की चर्चा जोरों पर है, वहीं किसानों का कहना है कि दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।







