गाजा में शांति स्थापित करने की कोशिश तेज हो गई है। इन्हीं प्रयासों के तहत भारत को भी गाजा ‘बोर्ड ऑफ पीस’में शामिल होने का न्योता मिला है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गाजा में संकट को सुलझाने के लिए भारत को ‘बोर्ड ऑफ पीस’ का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया है। भारत के इज़रायल और फिलिस्तीन दोनों के साथ ऐतिहासिक संबंध रहे हैं, और वहां संघर्ष शुरू होने के बाद से ही भारत मिस्र के रास्ते गाजा को मानवीय सहायता दे रहा है।
भारत ने भी गाजा मामले के शांतिपूर्ण समाधान की भी अपील की है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंधकों की रिहाई पर इज़रायल और फिलिस्तीन के बीच हुए समझौते का स्वागत भी किया था। उन्होंने यह भी दोहराया था कि आतंकवाद किसी भी रूप में और दुनिया में कहीं भी स्वीकार्य नहीं है।
पिछले साल अक्टूबर में इज़रायल के बेंजामिन नेतन्याहू के साथ टेलीफोन पर बातचीत के बाद पीएम मोदी ने X (पहले ट्विटर) पर पोस्ट किया था, “हम बंधकों की रिहाई और गाजा के लोगों को बढ़ी हुई मानवीय सहायता के समझौते का स्वागत करते हैं। हमने इस बात की पुष्टि की है कि आतंकवाद किसी भी रूप में या किसी भी जगह दुनिया में स्वीकार्य नहीं है।”
पाकिस्तान ने दावा किया कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गाजा के लिए ‘बोर्ड ऑफ पीस’ में शामिल होने के लिए निमंत्रण दिया है। गाजा के लिए ट्रंप की 20 सूत्री शांति योजना दूसरे चरण में प्रवेश कर चुकी है। ट्रंप पहले ही खुद को इस बोर्ड का अध्यक्ष घोषित कर चुके हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने मीडिया के सवालों के जवाब में इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि पाकिस्तान को औपचारिक निमंत्रण प्राप्त हुआ है। अंद्राबी ने एक बयान में कहा, “पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को अमेरिका के राष्ट्रपति से गाजा के लिए ‘बोर्ड ऑफ पीस’ में शामिल होने का निमंत्रण मिला है।” उन्होंने कहा, “पाकिस्तान गाजा में शांति और सुरक्षा के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रयासों में शामिल रहेगा, जिससे संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के अनुसार फलस्तीन मुद्दे का स्थायी समाधान हो सके।”









