Home बीजापुर बीजापुर में नक्सलियों के प्रेशर IED विस्फोट से ग्रामीण घायल, इलाज जारी

बीजापुर में नक्सलियों के प्रेशर IED विस्फोट से ग्रामीण घायल, इलाज जारी

56
0

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सली गतिविधियों से जुड़ी एक और गंभीर घटना सामने आई है। जंगल क्षेत्र में लगाए गए प्रेशर IED की चपेट में आने से एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना उसूर विकासखंड के इल्मीडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत लंकापल्ली के जंगलों में गुरुवार दोपहर हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लंकापल्ली निवासी राजू मोडियाम (30 वर्ष), पिता मुन्नी मोडियाम, जंगल से लकड़ी लेने गया था। इसी दौरान उसका पैर जमीन में दबाए गए प्रेशर IED पर पड़ गया, जिससे तेज धमाका हो गया। विस्फोट के कारण उसके दाहिने पैर में गंभीर चोटें आईं।

घटना के तुरंत बाद साथ मौजूद ग्रामीणों ने घायल युवक को पास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल जिला अस्पताल में उसका इलाज जारी है और डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

सूचना मिलते ही सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और आसपास के जंगल क्षेत्र में सघन सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है। आशंका जताई जा रही है कि नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के उद्देश्य से IED लगाया था, जिसकी चपेट में एक निर्दोष ग्रामीण आ गया।

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं ग्रामीणों ने जंगल जाने को लेकर चिंता जाहिर की है। सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here