बलरामपुर संवाददाता युसूफ खान
संयुक्त जिला कार्यालय में मनाया गया 16 वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस
व्यवहार न्यायाधीश ने दिलाई मतदाता शपथ
एसआईआर एवं निर्वाचन कार्य में उत्कृष्ट कार्य के लिए अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित
बलरामपुर, 25 जनवरी 2026/ भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 25 जनवरी 2026 को 16 वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस पूरे देश में उत्साह पूर्वक मनाया गया। इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम “मेरा भारत, मेरा वोट” और टैगलाइन “भारतीय लोकतंत्र के केंद्र में नागरिक” निर्धारित है।
इसी कड़ी में 16 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में व्यवहार न्यायधीश श्री आशीष कुमार चन्देहे, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राजेंद्र कटारा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार के संदेश का प्रसारण एवं भारत व राज्य निर्वाचन आयोग के द्वारा प्रसारित लघु फिल्म को प्रदर्शित किया गया।

इस दौरान नव पंजीकृत युवा मतदाताओं को बैच लगाकर सम्मानित किया गया। साथ ही समारोह में निर्वाचन कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारी-कर्मचारियों तथा मतदाताओं को विशेष पहल कर मतदान के लिए प्रेरित करने वाले को सम्मानित किया गया। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के दौरान उत्कृष्ट कार्य हेतु जिले के प्रत्येक विकासखण्ड से तीन-तीन बीएलओ को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेन्टो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस दौरान मुख्य अतिथि श्री चन्देहे ने सभी को जाति, धर्म, समुदाय एवं किसी भी प्रकार के प्रलोभन से ऊपर उठकर स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्भीक होकर मतदान करने मतदाता शपथ भी दिलाई।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि व्यवहार न्यायाधीश श्री आशीष कुमार चन्देहे ने कहा कि संविधान ने हमें अपने मत के माध्यम से योग्य व्यक्तियों के चयन का अधिकार दिया है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए।
कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा ने सभी नागरिकों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि ‘मेरा भारत मेरा वोट’ थीम के आधार पर 16वाँ राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वोट का अपना विशेष महत्व है, इसलिए सभी नागरिकों को अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करते हुए अपने अधिकारों का सही उपयोग करना चाहिए।

कलेक्टर श्री कटारा ने उदाहरणों के माध्यम से मतदान के महत्व को समझाते हुए मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की प्रक्रिया के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जो नागरिक अभी तक मतदाता सूची में पंजीकृत नहीं हैं, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं, जिसके लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों सुविधाएँ उपलब्ध हैं। इस दौरान उन्होंने युवा मतदाताओं के सवालों का जवाब भी दिया साथ ही मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सक्रिय हिस्सा बनने का आह्वान किया।
जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री जयप्रकाश यादव द्वारा मतदान के महत्व पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने निर्वाचन गठन एवं कार्य प्रणाली के संदर्भ में महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की। उन्होंने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस दिवस का मुख्य उद्देश्य नव मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करना तथा नए मतदाताओं को फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित करना है। इसके साथ ही उन्होंने मतदाता ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से नाम जोड़ने की प्रक्रिया एवं इससे जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी साझा की।
इस दौरान अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि, शैक्षणिक संस्थानों के भावी मतदाता, एनसीसी, स्काउट गाइड् सहित अन्य जन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।े









