Home चर्चा में कलेक्टर का सुदूर अंचलों में जनसंवाद: सीआरपीएफ कैंपों में ग्रामीणों से सीधी...

कलेक्टर का सुदूर अंचलों में जनसंवाद: सीआरपीएफ कैंपों में ग्रामीणों से सीधी चर्चा, विकास कार्यों का दिया आश्वासन

9
0

पुकार बाफना/बीजापुर 31 जनवरी 2026 –

जिले के दूरस्थ एवं संवेदनशील ग्रामों में प्रशासन की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री संबित मिश्रा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बीजापुर ने शुक्रवार को एफ कंपनी पुलिस फोर्स के साथ क्षेत्रीय भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने नेलगुण्डा ग्राम पंचायत अंतर्गत बेलनार सीआरपीएफ कैंप पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं व आवश्यकताओं की जानकारी ली।

बेलनार सीआरपीएफ कैंप के पश्चात कलेक्टर एवं उनकी टीम ग्राम पंचायत पल्लेवाया स्थित पल्लेवाया कैंप पहुंची, जहां ग्राम पल्लेवाया, सिरम एवं तांकिलोड के ग्रामीणों से विस्तृत चर्चा की गई। ग्रामीणों ने सड़क, पुल-पुलिया, बिजली व्यवस्था, आंगनबाड़ी भवन, स्कूल तथा धान खरीदी केंद्र जैसी बुनियादी सुविधाओं की मांग रखी। कलेक्टर श्री मिश्रा ने ग्रामीणों को इन मांगों पर शीघ्र स्वीकृति एवं आवश्यक कार्यवाही का भरोसा दिलाया।

इसके उपरांत पल्लेवाया कैंप से दोपहिया वाहन द्वारा जवानों के साथ तांकिलोड ग्राम का भ्रमण किया गया। इस दौरान धरसा आश्रित ग्राम में स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के पश्चात कलेक्टर दल एफ कंपनी कैंप पहुंचा और वहां से जिला कार्यालय बीजापुर के लिए प्रस्थान किया।

इस पूरे भ्रमण के दौरान ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति बढ़ता विश्वास एवं विकास को लेकर सकारात्मक वातावरण स्पष्ट रूप से देखने को मिला। दौरे में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा सुरक्षा बल के जवान उपस्थित रहे। यह भ्रमण शासन की जनहितैषी सोच और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here