Home चर्चा में जादू-टोना के शक में गुनिया की हत्या, खेत में गाड़ दिया शव!

जादू-टोना के शक में गुनिया की हत्या, खेत में गाड़ दिया शव!

3
0

-झाड़ फूंक का काम करता था मृत युवक देवा सोड़ी =

-कूचारास में अंधविश्वास का खौफनाक चेहरा, चार आरोपी गिरफ्तार =

अर्जुन झा/जगदलपुर। बस्तर संभाग के ग्रामीण इलाके के लोग अब भी जादू टोना, झाड़ फूंक, तंत्र मंत्र जैसे अंधविश्वास के मकड़जाल से उबर नहीं पाए हैं। अंधविश्वास के चलते यहां गंभीर वारदातें अक्सर होती रहती हैं। ऎसी ही एक घटना सुकमा जिले के गादीरास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कूचारास में हुई है। यहां अंधविश्वास ने एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार कर दिया। जादू-टोना करने के शक में गांव के ही चार लोगों ने मिलकर एक ग्रामीण युवक की निर्मम हत्या कर दी और शव को खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय देवा सोड़ी पिता स्व. भीमा सोड़ी, निवासी ग्राम कूचारास के रूप में हुई है। परिजनों द्वारा घटना की जानकारी 9 दिन बाद पुलिस को दी गई।

गादीरास पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर चार लोगों को पकड़ा गया।पूछताछ करने आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में ग्राम कूचारास निवासी कोसा सोड़ी, हुंगा सोड़ी, नंदलाल करटामी एवं दुला सोड़ी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर खेत में दफन शव को कार्यपालिका मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बाहर निकलवाया गया और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। थाना प्रभारी ने बताया कि देवा सोड़ी गांव में झाड़ फूंक करने वाले वड़े का काम करता था। दशहरा के दौरान गांव के एक युवक की मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद आरोपियों को यह शक था कि युवक की मौत देवा द्वारा किए गए जादू-टोना के कारण हुई है। इसी अंधविश्वास के चलते आरोपियों ने देवा की हत्या की साजिश रची और 23 जनवरी की शाम मौका पाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को घर से करीब 700 मीटर दूर खेत में दफना दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के अंधविश्वास से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here