रतनपुर संवाददाता – विमल सोनी
रतनपुर।
वन क्षेत्र रक्षक कृपानंद जांगड़े, पिता लखन जांगड़े, उम्र 34 वर्ष, जो वन परियोजना परिक्षेत्र भैंसाझार में पदस्थ हैं, के साथ शासकीय कार्य के दौरान मारपीट का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, कृपानंद जांगड़े गश्त पर निकले हुए थे। इसी दौरान बीच रास्ते में एक कार खड़ी कर मार्ग अवरुद्ध किए हुए चार अज्ञात व्यक्ति शराब पी रहे थे। जब वन क्षेत्र रक्षक ने रास्ता हटाने के लिए कहा, तो आरोपियों ने स्वयं को “बहुत बड़ा पुलिस” बताते हुए शासकीय कार्य में बाधा डाली और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी। सभी आरोपी शराब के नशे में बताए जा रहे हैं। मारपीट में वन क्षेत्र रक्षक को चोटें आई हैं।
पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना रतनपुर में अपराध क्रमांक 86/26 के तहत
धारा 296, 126(2), 121(1), 132, 351(2), 3, 5 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है।
रिपोर्ट दर्ज होते ही रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में—
1. लक्ष्मण यादव, पिता बीरबल यादव, उम्र 37 वर्ष, निवासी मौहारखार, थाना कोटा
2. राजा यादव, पिता रामरतन यादव, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम दूरपा, थाना बाराद्वार, जिला जांजगीर-चांपा शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।









