पेंड्रा संवाददाता दीपक कश्यप
पेंड्रा — ओरिएंटल पब्लिक स्कूल, पेंड्रा द्वारा आयोजित वार्षिक उत्सव कार्यक्रम आज अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगरपालिका अध्यक्ष श्री राकेश जालान जी उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष श्री इकबाल सिंह उबोवेजा जी, पूर्व पार्षद श्री राकेश चतुर्वेदी जी, विद्यालय के डायरेक्टर तिवारी सर, सेवानिवृत्त मेडिकल ऑफिसर मिश्रा जी, श्री गर्ग जी सहित शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिनमें नृत्य, नाटक एवं देशभक्ति गीतों ने दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास देखकर उपस्थित अतिथिगण भावविभोर हो उठे।

मुख्य अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष श्री राकेश जालान जी ने अपने संबोधन में कहा कि “ओरिएंटल पब्लिक स्कूल का उद्देश्य केवल शिक्षा देकर पैसा कमाना नहीं है, बल्कि बच्चों को अच्छे संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों से जोड़ना भी है। आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में ऐसी संस्थाएं समाज की मजबूत नींव तैयार कर रही हैं। शिक्षा के साथ संस्कार देना ही सच्ची शिक्षा है।”
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की प्रशंसा करते हुए कहा कि ओरिएंटल पब्लिक स्कूल बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर प्रयासरत है और यही कारण है कि यहां के विद्यार्थी हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं।


विशिष्ट अतिथियों ने भी अपने उद्बोधन में बच्चों का उत्साहवर्धन किया तथा विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष श्री इकबाल सिंह उबोवेजा जी ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उन्हें मंच प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी अतिथियों का शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया तथा शिक्षक-अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।









