-विधायक एवं किरण सिंह देव और मेयर संजय पाण्डेय ने किया भूमिपूजन =
अर्जुन झा/जगदलपुर। बोधघाट थाना से कमिश्नर कार्यालय तक अधोसंरचना मद से प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण, नाली निर्माण एवं पुलिया निर्माण कार्य का भूमिपूजन बुधवार को भाजपा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, महापौर संजय पांडेय एवं अन्य अतिथियों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण सिंह देव ने कहा कि बोधघाट थाना से कमिश्नर कार्यालय तक सड़क चौड़ीकरण, नाली एवं पुलिया निर्माण कार्य वार्डवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग और क्षेत्र की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। सड़क चौड़ीकरण होने से आवागमन सुगम होगा तथा राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को राहत मिलेगी। साथ ही नाली और पुलिया निर्माण से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होगा। महापौर संजय पांडेय ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। यह मार्ग शहर का महत्वपूर्ण और व्यस्त मार्ग है, सड़क संकरी होने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से आम नागरिकों को परेशानी होती थी। इस कार्य के पूर्ण होने से क्षेत्र का समग्र विकास होगा, यातायात व्यवस्था सुधरेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। नगर निगम शहर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रहा है। इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, संजय विश्वकर्मा, संग्राम सिंह राणा, पार्षद गिरिजा गुप्ता, नरसिंह राव, खगेंद्र ठाकुर, श्याम सुंदर बघेल, कार्यपालन अभियंता गोपाल भारद्वाज सहित पार्टी के कार्यकर्ता एवं नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।









