Home कोंडागांव केशकाल | पंचायत भवन के सामने अवैध दुकानें, आदेश किसका?

केशकाल | पंचायत भवन के सामने अवैध दुकानें, आदेश किसका?

20
0

केशकाल संवाददाता – विनीत पिल्लई

केशकाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बहीगांव का पंचायत कार्यालय नेशनल हाईवे से लगा हुआ है। इसके बावजूद पंचायत भवन की बाउंड्री वॉल से सटाकर झोपड़ी स्वरूप दुकानों का संचालन किया जा रहा है, जिससे पंचायत की गरिमा और व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन दुकानों के संचालक पंचायत कार्यालय में आने-जाने वाले नागरिकों एवं अधिकारियों की गाड़ियों को हटाने या दूर खड़ा करने के लिए दबाव बनाते हैं, जिससे आम लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत जैसे सार्वजनिक और शासकीय परिसर के सामने इस तरह की गतिविधियां न केवल अव्यवस्था फैलाती हैं बल्कि सुरक्षा और यातायात की दृष्टि से भी चिंता का विषय हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि इन दुकानों के संचालन की अनुमति आखिर किसके आदेश से दी गई? क्या पंचायत द्वारा विधिवत अनुमति प्रदान की गई है या फिर ये दुकानें बिना किसी स्वीकृति के स्वयंभू रूप से संचालित की जा रही हैं। यदि अनुमति दी गई है तो उसका लिखित आदेश सार्वजनिक किया जाना चाहिए, और यदि नहीं, तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई—यह भी जांच का विषय है।

ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत भवन के सामने अवैध रूप से दुकानों का संचालन होने से पंचायत की छवि धूमिल हो रही है। साथ ही नेशनल हाईवे से सटे होने के कारण यहां यातायात बाधित होने और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।

ग्रामीणों ने पंचायत कर्मियों और जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है कि वे इस मामले का तत्काल संज्ञान लें, स्थिति की जांच कर दुकानों को अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश दें, ताकि पंचायत भवन की शोभा बनी रहे और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

अब देखना यह होगा कि पंचायत प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर कब तक ठोस कार्रवाई करता है, या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here