कोरबा संवाददाता – हेमचंद सोनी
प्रगति नगर स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य पूजा-अर्चना का आयोजन बड़े ही धूमधाम से संपन्न हुआ। आयोजन के तहत भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से अभिषेक एवं विशेष आराधना की गई, जिसके पश्चात महाभोग अर्पित कर महाप्रसाद का वितरण किया गया।
इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों एवं हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंजता रहा और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

आयोजन समिति की ओर से नगर पालिका परिषद दीपिका के वरिष्ठ पार्षद एवं पीआईसी सदस्य अरुणीश तिवारी (दादा भाई) के साथ अंचल के वरिष्ठ नेताओं एवं समाजसेवियों ने सक्रिय रूप से सेवाएं दीं। समिति के सदस्यों द्वारा श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित रूप से भोग-प्रसाद ग्रहण कराया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत, पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा मनोज शर्मा, कांग्रेस नेता तनवीर अहमद सहित अनेक राजनीतिक, सामाजिक एवं पत्रकार जगत के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। इसके साथ ही एसईसीएल के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भी विशेष रूप से भाग लेकर आयोजन की शोभा बढ़ाई।
आयोजन समिति ने सफल एवं शांतिपूर्ण कार्यक्रम के लिए सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं सेवाभावी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।










