बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप ने किया मामले का खुलासा = = बस्तर विधायक एवं कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
जगदलपुर। बस्तर
जिला युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप ने बस्तर जिले में संचालित शासकीय छात्रावासों एवं आश्रमों में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं में भारी अनियमितता का गंभीर मामला सामने लाया है। वर्ष 2024–25 में छात्रावास/आश्रमों में सप्लाई किए गए आयरन पलंग, गद्दों एवं बेडशीट की गुणवत्ता अत्यंत घटिया पाई गई है।

युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप के नेतृत्व में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा 100 सीटर बालक छात्रावास, मालगांव का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने खराब गुणवत्ता की सामग्री को लेकर गंभीर शिकायतें दर्ज कराई। निरीक्षण में यह पाया गया कि आयरन खाट की वेल्डिंग एवं मोटाई अत्यंत कमजोर है, जो अल्प उपयोग में ही टेढ़ी होकर टूटने की स्थिति में है। वहीं गद्दे अत्यधिक पतले एवं निम्न स्तर के फोम व कपास से निर्मित हैं तथा बेडशीट की गुणवत्ता इतनी खराब है कि वे कुछ ही दिनों में फटने लगी हैं। इस गंभीर विषय को लेकर युवा कांग्रेस द्वारा बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल एवं जिला कलेक्टर आकाश छिकारा को शिकायती ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच की मांग की गई है। ज्ञापन में दोषी आपूर्तिकर्ताओं एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा विद्यार्थियों को तत्काल मानक गुणवत्ता की सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की गई है। ज्ञापन प्राप्त करने के पश्चात बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला कलेक्टर को जांच हेतु पत्र लिखा।

वहीं जिला कलेक्टर आकाश छिकारा ने ज्ञापन प्राप्त कर उचित एवं त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप ने कहा कि आदिवासी एवं ग्रामीण अंचलों के छात्रावासों में पढ़ने वाले बच्चे पहले ही कई चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शासकीय राशि का दुरुपयोग कर घटिया सामग्री की सप्लाई करना सीधा सीधा भ्रष्टाचार है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो युवा कांग्रेस विद्यार्थियों के हित में लोकतांत्रिक एवं वैधानिक आंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। युवा कांग्रेस ने मांग की है कि भविष्य में छात्रावासों में होने वाली सभी खरीदी प्रक्रियाओं में पूर्ण पारदर्शिता, गुणवत्ता परीक्षण एवं नियमित निरीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि इस प्रकार की अनियमितताओं की पुनरावृत्ति न हो। इस अवसर पर युवा कांग्रेस के बस्तर जिला उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप, बकावंड ब्लॉक अध्यक्ष विजय भारती, एकादशी बघेल, रामचंद्र बघेल, तोषण, पूरन, लय गोयल, मनबोश, रूपेश सहित अन्य युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।









