रिपोर्ट- खिलेश साहू
धमतरी विधायक ओंकार साहू ने चर्चित पाईप लाईन कार्य का निरीक्षण किया जिसमे लापरवाही के कारण व्यापारी समेत आम नागरिकों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है, धमतरी नगर निगम क्षेत्र के आमापारा वार्ड में जल निकासी हेतु चल रहे पाइपलाइन निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए विधायक ओंकार साहू ने पूर्व में इंजीनियर एवं निगम प्रशासन द्वारा बरती गई लापरवाही पर कड़ी नाराज़गी व्यक्त की। उन्होंने निर्माणाधीन पाइपलाइन का स्थल पर जाकर जायजा लिया। उल्लेखनीय है कि लगभग चार माह पूर्व डाली गई पाइपलाइन इंजीनियर की लापरवाही के कारण भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई। जानकारी के अनुसार गुणवत्ता मानकों की अनदेखी करते हुए कमजोर एवं घटिया पाइप डाले गए थे, जो कुछ ही समय में टूटकर क्षतिग्रस्त हो गए और उनमें मिट्टी भर जाने से पूरा कार्य प्रभावित हो गया। साथ ही पाइपलाइन का लेवल भी ठीक से जांचा नहीं गया था, जिससे जल निकासी व्यवस्था बाधित हुई।

इस मामले को लेकर कांग्रेस पार्षदों द्वारा विरोध दर्ज कराए जाने के बाद निगम प्रशासन ने संबंधित ठेकेदार का भुगतान रोकते हुए कार्य को निरस्त कर पुनः टेंडर जारी किया। वर्तमान में उक्त कार्य नए ठेकेदार के माध्यम से दोबारा कराया जा रहा है, जिसका विधायक ओंकार साहू ने औचक निरीक्षण कर गुणवत्ता की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने सदर बाजार क्षेत्र में नाली निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों का भी बारीकी से अवलोकन किया। नाली निर्माण में भी अनियमितताएँ सामने आने पर उन्होंने संबंधित इंजीनियर और ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं पारदर्शिता के साथ पूर्ण किए जाएँ तथा पाई गई त्रुटियों को तत्काल सुधारा जाए।

विधायक ओंकार साहू ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए निरंतर निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि शहर के हृदय स्थल घड़ी चौक में बड़ी संख्या में सीमेंट पाइप अव्यवस्थित रूप से रखे हुए हैं। आगामी होली पर्व को देखते हुए इससे आम नागरिकों को परेशानी हो सकती है। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पाइपों को व्यवस्थित करने अथवा कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। मौके पर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर , गौतम वाधवानी , विशु देवांगन उप नेता प्रतिपक्ष, आकाश गोलछा , सोमेश मेश्राम , भागी ध्रुव , सूरज पासवान , धर्मेंद्र पटेल साथ में सदर के व्यापारीगण उपस्थित रहे |









